रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बटनदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल..

बिलासपुर/रतनपुर। सोशल मीडिया पर धारदार चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। रतनपुर पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना मिली कि बड़ीबाजार क्षेत्र में एक युवक बटनदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। बताया गया कि युवक चाकू दिखाते हुए वीडियो बना रहा था और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर लोगों के बीच भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की। टीम ने नूतन चौक, बड़ीबाजार के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक निजाम अली उर्फ अश्शू को पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया। आरोपी की पहचान निजाम अली उर्फ अश्शू, पिता रजब अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी बड़ीबाजार रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने जब्त चाकू के संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की नजर..
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से यह भी स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया का उपयोग लोगों को डराने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के लिए करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।







