कोटमी बाजार में दिनदहाड़े खूनी वारदात : सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूट का विरोध पड़ा भारी..

तीन बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार, इलाज के दौरान व्यापारी ने तोड़ा दम ; व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। Pendra के कोटमी बाजार में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात में गंभीर रूप से घायल व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है, वहीं व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन युवक Kotmi Bazar स्थित सराफा दुकान पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक संदिग्ध तरीके से दुकान के आसपास घूम रहे थे और कुछ देर बाद दुकान के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान व्यापारी पप्पू सोनी ने उनका विरोध किया। बताया जा रहा है कि विरोध होते ही बदमाश बौखला गए और उन्होंने व्यापारी पर गोली चला दी। गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिर पड़े और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही बाजार क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग अस्पताल तथा घटनास्थल के आसपास जुट गए।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।घटनास्थल के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस अलर्ट जारी किया गया है ताकि आरोपी जिले से बाहर न निकल सकें।

दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। व्यापारिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

घटना के बाद Gaurela-Pendra-Marwahi जिले में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।