12 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार..

चकरभाठा पुलिस ने बच्ची को आरोपी के कब्जे से बरामद किया, पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी..

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में 12 वर्ष 4 माह की नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राकेश जांगड़े (22) निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग को भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को बच्ची के परिजनों ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उनकी 12 वर्ष 4 माह की बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और बच्ची की तलाश के लिए टीम गठित की।

सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस..

पुलिस टीम ने बच्ची और संदिग्ध युवक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पतासाजी करते हुए उसे पकड़ा और उसके कब्जे से नाबालिग बच्ची को बरामद किया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की गई।

पुलिस के अनुसार, विधिवत पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई..

पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।