पीएम मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान का संकल्प, जिला अस्पताल में जुटे युवा..

भाजयुमो शहर ने लगाया शिविर, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रक्तदान कर सेवा का दिया संदेश..

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर शहर ने उत्सव को सेवा कार्य से जोड़ते हुए जिला अस्पताल, पुराना बस स्टैंड में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में युवा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी हिस्सा लिया और रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।

शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों ने कहा कि रक्त की जरूरत मरीजों को किसी भी समय पड़ सकती है। ऐसे में युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

अमर अग्रवाल ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन..

कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर और महापौर पूजा विधानी सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और सेवा कार्यों में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

विधायक अमर अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़कर मनाना कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए मददगार साबित हो सकता है। युवाओं की ऐसी भागीदारी समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करती है।

बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा..

रक्तदान शिविर में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के अलावा नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रक्तदान करने वाले युवाओं को आगे भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि सेवा गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, किशोर राय, देवेंद्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, गौरी गुप्ता, वैभव गुप्ता, केतन वर्मा, राज कमल कश्यप, देवेश खत्री, नीलेश सिंह, महर्षि वाजपेयी, अजय यादव, अमित सिंह, अंकित पाल, अंकित गुप्ता, राहुल सिंह, विवेक ताम्रकार, साहिल भाभा सहित भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सकीय टीम, रक्तदाता और नागरिक मौजूद रहे।