भाजपा युवा मोर्चा ने मंडलों में संगठन मजबूत करने की कवायद तेज की, प्रभारी और सहप्रभारियों की घोषणा..

संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर, नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यकर्ताओं को मिलेगा मंडलों का दायित्व..

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर शहर जिले के विभिन्न मंडलों के लिए मंडल प्रभारी एवं मंडल संगठन सहप्रभारियों की घोषणा कर दी है। नई नियुक्तियों का उद्देश्य मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना है।

यह घोषणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के मार्गदर्शन, संभाग प्रभारी, संभाग सहप्रभारी और जिला प्रभारी के निर्देशों तथा भाजपा बिलासपुर शहर जिला कोर ग्रुप के निर्णय के अनुरूप की गई। युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा और भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर की सहमति के बाद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने नई जिम्मेदारियों की घोषणा की।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। इसी सोच के साथ ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि नव-नियुक्त मंडल प्रभारी एवं सहप्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों, सदस्यता अभियान, सेवा कार्यों, सामाजिक कार्यक्रमों तथा पार्टी के विभिन्न अभियानों का संचालन और समन्वय करेंगे। साथ ही वे मंडलों में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का कार्य करेंगे।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि नई टीम के गठन से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी। आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में यह टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।