छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में जल्द बड़ा फेरबदल तय, एक-दो नए चेहरों को मिल सकती है जगह ; 22-25 जून के बीच संभावित शपथ ग्रहण..

रायपुर, 19 जून 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस समय मंत्रिमंडल बदलाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। सूबे की विष्णु देव साय सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर जल्द ही बड़े फेरबदल की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी सप्ताह में एक या दो नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, वहीं कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव तय माना जा रहा है।

क्यों जरूरी हो गया है फेरबदल?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद बनी विष्णु सरकार के कई मंत्रियों के कामकाज को लेकर संगठन स्तर पर लगातार फीडबैक लिया जा रहा था। पार्टी आलाकमान प्रदर्शन के आधार पर बदलाव कर सरकार को और ज्यादा गतिशील बनाना चाहता है। साथ ही अगले साल होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों और 2028 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सामाजिक-क्षेत्रीय समीकरणों को नए सिरे से साधने की कवायद चल रही है।

किन चेहरों पर गिर सकती है गाज?

सूत्रों की मानें तो प्रदेश मंत्रिमंडल में मौजूद कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के अतिरिक्त प्रभार को कम कर उन्हें राहत देने का भी मंसूबा है। ऐसे में एक-दो विभागों से भार हल्का होने की संभावना है। वहीं पार्टी के कुछ विधायक जो पिछले ढाई साल से संगठन या सरकार में जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे थे, उन्हें समायोजित किया जा सकता है। अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से एक-एक नए चेहरे को मंत्री बनाकर संतुलन साधने की रणनीति पर भी चर्चाएं जोर पकड़े हुए हैं।

दिल्ली दरबार से मिले संकेत..

सूत्रों की मानें तो बीते सप्ताह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दिल्ली यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई बंद कमरे की बैठकों के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे नियमित बैठक बताया जा रहा है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और फेरबदल के खाके पर मुहर लग चुकी है। मुख्यमंत्री आवास से लेकर पार्टी कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक सियासी गलियारों में बस यही चर्चा है कि ‘बदलाव कब, न कि क्यों’।

कब होगा ऐलान?

सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि राज्यपाल रमेन डेका के साथ समय लेने की प्रक्रिया जारी है। संभावना है कि 22 से 25 जून के बीच कभी भी राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हो सकता है। फिलहाल पार्टी के सभी बड़े नेता व प्रभावित होने वाले मंत्री जनसंपर्क और अपनी लॉबिंग में जुट गए हैं। हमने लगातार इस पर पैनी नज़र बनाए हुए है, कोई भी बड़ी घोषणा होते ही आप तक सबसे सटीक और तेज़ खबर पहुंचाई जाएगी।