बजट 2026 में छत्तीसगढ़ के लिए खुला खजाना, माइनिंग कॉरिडोर बनेगा और रेलवे को मिले 7470 करोड़..

बिलासपुर।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा ने मंगलवार को बिलासपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर केंद्रीय बजट 2026 की खूबियां गिनाईं। शर्मा ने बताया कि यह बजट किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला कदम है। इसमें छत्तीसगढ़ के लिए माइनिंग कॉरिडोर और रेलवे के विकास के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है।

युवाओं के लिए 5 नए विश्वविद्यालय और महिलाओं के लिए बढ़ा बजट..

केके शर्मा ने बताया कि युवाओं के लिए देश में पांच नए विश्वविद्यालय खोले जाएंगे। साथ ही फिल्म निर्माण और एनीमेशन के क्षेत्र में साल 2030 तक 20 लाख प्रोफेशनल्स तैयार किए जाएंगे।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार युवाओं को टूरिस्ट गाइड की ट्रेनिंग दी जाएगी जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा।

महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना का लक्ष्य अब 2 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का बजट भी 16 फीसदी बढ़ाया गया है।

विदेश यात्रा पर टैक्स घटा, इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर..

भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि विदेश यात्रा पर लगने वाले टैक्स को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल और मोदी सरकार के काम की तुलना भी की। शर्मा ने आंकड़े रखते हुए कहा कि मोदी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर 43.9 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं जो कांग्रेस सरकार के दस सालों के खर्च से कहीं ज्यादा है। रक्षा बजट भी तीन गुना बढ़कर 7 लाख 85 हजार करोड़ रुपए हो गया है। इसी तरह रेल और स्वास्थ्य बजट में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है।

छत्तीसगढ़ में बनेगा माइनिंग कॉरिडोर..

केके शर्मा ने बताया कि बजट में छत्तीसगढ़ के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल के लिए माइनिंग कॉरिडोर बनाने की घोषणा हुई है। इससे यहां उद्योग लगेंगे और नौजवानों को रोजगार मिलेगा। रेलवे के विकास के लिए छत्तीसगढ़ को 7470 करोड़ रुपए मिले हैं। इसके अलावा केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में राज्य को 50 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि मिलेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे मौजूद..

इस दौरान बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक और जिला मीडिया सह प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नेताओं ने वरिष्ठ पत्रकार सूर्यकांत चतुर्वेदी के परिवार के विवाह समारोह में शामिल होकर बधाई दी।