

15 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ाया कर्मचारी, खाद्य सुरक्षा मामले में कार्रवाई रोकने के नाम पर मांग रहा था रिश्वत..

बिलासपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी की पहचान विजय पाण्डेय के रूप में हुई है, जिसे एसीबी की टीम ने 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसमें उन पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई को प्रभावित करने और जुर्माने की राशि कम कराने के बदले बाबू विजय पाण्डेय ने रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित देवेंद्र कश्यप ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी बाबू ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए लिए, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बताया जा रहा है कि आरोपी अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। घटना के बाद कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार हो रही कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी को लेकर अब जांच एजेंसियां सख्त रुख अपनाए हुए हैं।



