स्मार्ट सिटी की चमक के पीछे गंदगी का सच : मिनी बस्ती में कचरे का ढेर, जाम नाली से सड़क बनी नाला.. देखें वीडियो..

करोड़ों खर्च के बावजूद बदहाल सफाई व्यवस्था, स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी..

स्वच्छता अवॉर्ड वाले शहर में बदबू, गंदगी और लापरवाही से लोग परेशान..

बिलासपुर। एक ओर नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों की वास्तविक तस्वीर इन दावों की सच्चाई उजागर कर रही है। मिनी बस्ती स्थित जातिया तालाब के पास पिछले एक सप्ताह से भारी मात्रा में कचरे का ढेर जमा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के कर्मचारी और ठेकेदार मानो आंखें मूंदे बैठे हैं।

देखें वीडियो..

सड़क किनारे फैले कचरे से पूरे इलाके में बदबू का माहौल बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि आसपास रहने वाले लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सफाई नहीं कराई गई। लगातार जमा हो रहे कचरे से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

देखें वीडियो..

इतना ही नहीं, इलाके की नालियां भी कई दिनों से जाम पड़ी हुई हैं। हल्की बारिश होते ही नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है और पूरी सड़क नाले में तब्दील हो जाती है। सड़क पर बहते गंदे पानी और कीचड़ से राहगीरों, बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट सिटी योजना के नाम पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। सूत्रों की मानें तो लोगों का आरोप है कि अधिकारी और ठेकेदार सिर्फ फाइलों और कागजों में सफाई दिखाकर कमीशनखोरी में व्यस्त हैं, जबकि जनता गंदगी और अव्यवस्था से जूझ रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस बिलासपुर शहर को स्वच्छता के लिए कई अवॉर्ड मिल चुके हैं, उसी शहर के बीचों-बीच ऐसी बदहाल तस्वीर आखिर किसकी लापरवाही को उजागर करती है? मिनी बस्ती की यह स्थिति न सिर्फ नगर निगम के दावों की पोल खोल रही है, बल्कि स्मार्ट सिटी व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से तत्काल कचरा हटाने, जाम नालियों की सफाई कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जायेगा।