

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने बनाई चयन समिति, तीन दिन में सौंपेगी प्रत्याशी का नाम या पैनल..

बिलासपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने वार्ड के लिए 11 सदस्यीय प्रत्याशी चयन समिति का गठन किया है।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में पूर्व पार्षद स्वर्गीय शेख असलम के निधन के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है। लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले इस वार्ड में पार्टी मजबूत रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 11 मई से प्रारंभ होकर 4 जून तक चलेगी। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 19 मई को होगी, जबकि 21 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 1 जून को होगा और मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा 4 जून को की जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
कांग्रेस संगठन ने वार्ड में निष्पक्ष और सर्वमान्य प्रत्याशी चयन के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं की समिति गठित की है। समिति वार्ड समिति, बूथ समिति, स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संपर्क कर सर्वेक्षण करेगी तथा तीन दिनों के भीतर उपयुक्त प्रत्याशी का नाम अथवा पैनल जिला कांग्रेस कार्यालय को सौंपेगी।
वार्ड 29 उपचुनाव के लिए गठित 11 सदस्यीय चयन समिति में शामिल सदस्य :

शैलेश पांडे,रामशरण यादव,इंग्रीड मैकलाउड,राजेश पाण्डेय,विजय पाण्डेय,प्रमोद नायक,शेख नजीरुद्दीन,रविन्द्र सिंह,नरेंद्र बोलर,भारत कश्यप,तजम्मुल हक
कांग्रेस संगठन का कहना है कि वार्ड में स्थानीय जनभावनाओं और कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देते हुए ऐसा प्रत्याशी उतारा जाएगा जो पार्टी की जीत सुनिश्चित कर सके। उपचुनाव को लेकर अब वार्ड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।




