5 दिवसीय नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, प्रशिक्षण के बाद दिए जाएंगे आवश्यक किट..

गरियाबंद। वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए विशेष कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, गरियाबंद के अंतर्गत स्थित ईको सेंटर कोयबा में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को ऐसे व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है, जिनकी सहायता से वे स्वरोजगार स्थापित कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवकों के लिए इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर एवं मोबाइल रिपेयरिंग जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। वहीं महिलाओं के लिए ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी एवं व्यवहारिक (प्रैक्टिकल) ज्ञान प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रतिभागी प्रशिक्षण के बाद सीधे कार्यक्षेत्र में अपनी सेवाएं दे सकें।
टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को उनके प्रशिक्षण विषय के अनुरूप आवश्यक उपकरणों की किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रशिक्षित युवक-युवतियों को स्वरोजगार शुरू करने में सहायता मिलेगी और वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपने कार्य की शुरुआत कर सकेंगे।
वन विभाग का मानना है कि कौशल विकास के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से न केवल उनकी आजीविका सुदृढ़ होगी, बल्कि वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले परिवारों का आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होगा। यह पहल संरक्षण भी – विकास भी की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने क्षेत्र के इच्छुक युवक-युवतियों एवं महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी एवं पंजीयन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क सूत्र :
उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, गरियाबंद (छत्तीसगढ़)
दूरभाष : 07770-299045
मोबाइल : 89628 22010, 89628 22011
‘प्रशिक्षण पाएं, कौशल बढ़ाएं और आत्मनिर्भर बनने की ओर कदम बढ़ाएं’ – इसी संदेश के साथ वन विभाग क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







