स्थापना दिवस पर गूंजा सामाजिक जागरण का संदेश, अभिषेक जायसवाल बने गौरेला नगर संयोजक..

मरही माता मंदिर में हुआ आयोजन, संगठन के उद्देश्य और सामाजिक भूमिका पर मंथन; दुर्गेश चित्र मंदिर में ‘हनुमान अंश’ फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन..

गौरेला। विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर गौरेला स्थित मरही माता मंदिर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, श्रद्धालु और समाजजन शामिल हुए। इस दौरान संगठन की स्थापना के उद्देश्य, सामाजिक भूमिका और धर्म-संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में एकता, जागरूकता और सेवा की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विभाग संयोजक सागर पटेल ने विश्व हिंदू परिषद के उद्देश्यों और सामाजिक दायित्वों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री प्रकाश साहू ने किया।

नए दायित्व के साथ संगठन को मजबूत करने पर जोर..

स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विस्तार के क्रम में अभिषेक जायसवाल को गौरेला नगर संयोजक का दायित्व सौंपा गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि नए दायित्व के साथ नगर स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

‘हनुमान अंश’ फिल्म का हुआ निःशुल्क प्रदर्शन..

स्थापना दिवस कार्यक्रम के बाद विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में दुर्गेश चित्र मंदिर में ‘हनुमान अंश’ फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन किया गया। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और समाजजन पहुंचे। आयोजन के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों से जुड़ाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

वरिष्ठजनों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी..

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों जयप्रकाश शिवदासानी, बृजलाल राठौर, संदीप जायसवाल, सन्नी अगवानी और पीयूष अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा जिला सह मंत्री निखिल परिहार, प्रिया त्रिवेदी, सरिता राठौर, रविंद्र केवट, शुभम गुप्ता, देवांश तिवारी, अनुराग पाण्डेय, बृजेश पुरी, उत्तम राय, मौसम ताम्रकार, संदीप सिंघई और राकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने धर्म, संस्कृति और समाजहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने तथा सामाजिक एकता और जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।