रायपुर।राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना इलाके से हनीट्रैप का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां दो शातिर महिलाओं ने एक 54 साल के व्यक्ति को अपनी दोस्ती के जाल में फंसाया। इसके बाद उसे अपने घर बुलाकर नशीली शराब पिलाई। जब वह व्यक्ति बेहोश हो गया, तो उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। इन्हीं तस्वीरों का डर दिखाकर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हुआ। परिवार और समाज में बदनामी का डर दिखाकर छह महीने तक लगातार पैसे वसूले गए। इस दौरान पीड़ित से कुल 2 लाख 17 हजार रुपए ठग लिए गए।

गुढ़ियारी पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, बीरगांव के गांधी नगर इलाके में रहने वाले दुलीचंद कुम्हार की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से हुई थी। शिकायत के अनुसार, 6 जनवरी को इसी महिला ने दुलीचंद को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा, तो घर में पहले से ही एक और महिला मौजूद थी। दोनों ने मिलकर उसे शराब पिलाई।
पीड़ित का आरोप है कि उस शराब में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया था। शराब पीते ही वह अपना होश खो बैठा। कुछ समय बाद जब उसकी नींद खुली और होश आया, तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। वह घबरा गया और किसी तरह वहां से बचकर अपने घर लौट गया।
घटना के ठीक दो दिन बाद आरोपी महिला ने फिर से फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़ित वहां गया, तो महिलाओं ने उसे बेहोशी की हालत में खींची गई उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने धमकी देना शुरू कर दिया कि अगर उन्हें मांगे गए पैसे नहीं मिले, तो वे ये तस्वीरें उसकी पत्नी, बेटे और रिश्तेदारों को भेज देंगी। साथ ही तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया जाएगा।
सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित पूरी तरह घबरा गया। इसी डर के कारण उसने 8 जनवरी को पहली बार 50 हजार रुपए की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। उसे लगा कि पैसे देने के बाद मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला लगातार जारी रहा।
शिकायत के अनुसार, आरोपी महिलाओं ने अलग-अलग महीनों में किस्तों में पैसे लिए। फरवरी में 48 हजार रुपए, मार्च में 45 हजार रुपए, अप्रैल और मई में 46-46 हजार रुपए और फिर जून के महीने में 30 हजार रुपए ऐंठे गए।इस तरह लगातार छह महीने तक डरा-धमकाकर कुल 2 लाख 17 हजार रुपए की वसूली की गई।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया है कि इतना पैसा देने के बाद भी आरोपी महिलाएं नहीं मानीं। वे लगातार और ज्यादा रकम की मांग कर रही थीं। रोज-रोज की इस ब्लैकमेलिंग और परेशानी से तंग आकर अंततः उसने गुढ़ियारी पुलिस के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया और दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







