तनाव नही, मुस्कान में समाधान : कलेक्टर-एसएसपी ने बताया स्वस्थ दिल का मंत्र..

‘हार्ट इन मोशन’ में स्वास्थ्य, फिटनेस और तनावमुक्त जीवन का संदेश; कार्डियोलॉजिस्ट ने रोज 30 मिनट वॉक और नियमित जांच को बताया जरूरी..

बिलासपुर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड की ओर से ‘HEART IN MOTION – Move Together, Live Healthier’ कार्यक्रम का आयोजन व्यापार विहार स्थित हाउस ऑफ पिकल में किया गया। कार्यक्रम में स्वस्थ हृदय के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनिश सिंह रहे। दोनों अधिकारियों ने अपने संबोधन में तनाव को जीवन का हिस्सा मानने के बजाय सकारात्मक सोच और प्रसन्नचित्त रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे तनाव को हावी नहीं होने देते और हमेशा मुस्कुराते रहने का प्रयास करते हैं। अधिकारियों का यह संदेश कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।

दिल की सेहत के लिए रोजाना 30 मिनट की सक्रियता जरूरी..

स्वास्थ्य सत्र में एलीट हॉस्पिटल के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव लोचन भांजा ने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने, नियमित व्यायाम करने और धूम्रपान से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने नमक और चीनी का सीमित सेवन करने तथा समय-समय पर ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच कराने की जरूरत बताई।

डायटीशियन मयूरी कनूजा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दैनिक खान-पान में संतुलन रखने और स्वास्थ्य के प्रति नियमित रूप से जागरूक रहने पर जोर दिया।

‘मूव टुगेदर, लाइव हेल्दियर’ का संदेश..

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अपने व्यस्त जीवन में स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन के दौरान रोटरी ई-क्लब के वरिष्ठ सदस्यों के साथ नए सदस्य भी मौजूद रहे। क्लब की ओर से स्वस्थ जीवनशैली को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन हेल्थकेयर पार्टनर एलीट मेडसिटी और फिटनेस पार्टनर हाउस ऑफ पिकल के सहयोग से किया गया। आयोजन को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष रोटे. प्रमोद अग्रवाल और सचिव रोटे. रौनक साव सहित क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कार्यक्रम में शामिल होकर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनिश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।