650वीं जयंती पर शुरू होगा ‘समरसता संकल्प अभियान’, कलश यात्रा, जनसंपर्क और सामाजिक संवाद के जरिए एकता, समानता व सद्भाव का संदेश देने की तैयारी..

बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। इसके तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास के समरस समाज, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की शुरुआत राजधानी रायपुर से होगी, जिसके बाद यह पवित्र कलश बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों और मंडलों में भ्रमण करेगा।
भाजपा बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संत रविदास के विचारों को आमजन तक पहुंचाने का एक व्यापक सामाजिक अभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन आज भी समाज को समानता, समरसता और मानवता का मार्ग दिखाता है। उनके विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भाजपा इन्हीं मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बिलासपुर जिले के सभी मंडलों में कलश यात्राएं, जनसंपर्क अभियान, सामाजिक संवाद और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को संत रविदास के जीवन, उनके दर्शन और समाज सुधार के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज में जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे, समानता और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।
दीपक सिंह ने बताया कि 4 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का वितरण किया जाएगा। इससे पहले श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की उपस्थिति में कलश का विधिवत पूजन होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के संत-महात्मा तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश के सभी 36 संगठनात्मक जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश सौंपे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिले में यह पवित्र कलश गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचेगा। कलश यात्रा के दौरान समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि संत रविदास के ‘समरस समाज’ के संदेश को व्यापक जनसमर्थन मिल सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का आयोजन नहीं होगा, बल्कि अगली माघ पूर्णिमा तक लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संत रविदास के आदर्शों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान से समाज में आपसी विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को नई मजबूती मिलेगी तथा संत रविदास के विचार नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगे।







