खेतों में तेंदुआ दिखा तो उमड़ी सैकड़ों की भीड़.. देखें VIDEO..

जैतपुरी में कई बार नजर आ चुका तेंदुआ, 4-5 बकरियों का शिकार करने की भी जानकारी..

कवर्धा। भोरमदेव अभयारण्य से लगे ग्राम जैतपुरी में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार को धान के खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलते ही गांव में हलचल मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण खेतों के आसपास पहुंच गए और तेंदुए को देखने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।

देखें VIDEO..

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ पिछले कुछ समय से गांव और आसपास के इलाकों में लगातार नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने उसके द्वारा करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार किए जाने की जानकारी भी दी है। इसके चलते गांव में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था। अब खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

तेंदुए से ज्यादा भीड़ बनी चुनौती..

तेंदुए की खबर फैलते ही जैतपुरी और आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। खेतों के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने से वन विभाग के सामने तेंदुए की निगरानी के साथ भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती भी खड़ी हो गई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुए को देखने के लिए खेतों या जंगल की ओर भीड़ न लगाएं। उसके करीब जाने, उसे घेरने, पीछा करने या किसी तरह छेड़ने की कोशिश न करें। भीड़ से तेंदुआ घबराकर अपना रास्ता बदल सकता है और ऐसी स्थिति में लोगों के लिए खतरा बढ़ सकता है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील..

वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जंगल या खेतों की ओर अकेले जाने से बचने और बच्चों को भी अकेले बाहर नहीं भेजने कहा गया है। ग्रामीण अपने मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखें और तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर खुद उसका पीछा करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ ओपी यादव ने कहा..

पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ ओपी यादव ने बताया कि जैतपुरी में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है,घबराएं नहीं, तेंदुए के करीब न जाएं और उसे देखने के लिए भीड़ न लगाएं। लेकिन सावधानी जरूर बरतें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें। तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।