वाराणसी की पवित्र माटी अब बिलासपुर में देगी समरसता का संदेश, मुख्यमंत्री साय ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह को सौंपा कलश..

संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत, जिले के सभी मंडलों में पहुंचेगा पवित्र कलश..

बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान को नई गति मिली। गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश मंगलवार को राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर को सौंपा गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह पवित्र कलश उन्हें प्रदान करते हुए संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य संत-महात्माओं के सान्निध्य और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र कलश का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेशभर से आए भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलश वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। इसी उद्देश्य से यह पवित्र कलश प्रदेश के प्रत्येक संगठनात्मक जिले तक पहुंचाया जा रहा है।

कलश प्राप्त करने के बाद भाजपा बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि वाराणसी की पवित्र माटी युक्त यह कलश केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता का संदेश लेकर आया है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाया। आज उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले में इस पवित्र कलश के स्वागत के साथ समरसता संकल्प अभियान का व्यापक आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी मंडलों में कलश यात्रा, पूजन, सामाजिक संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के जीवन दर्शन और उनके सामाजिक संदेश को गांव-गांव तथा वार्ड-वार्ड तक पहुंचाया जाएगा।

दीपक सिंह ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में समरसता, सद्भाव और सामाजिक समानता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अभियान से विभिन्न वर्गों के बीच आपसी विश्वास और सामाजिक एकजुटता को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष तुलसी बघेल, रितेश अग्रवाल, अभिषेक बोले (चिक्की), सतीश सोनकर, भुनेश्वर रात्रे, अशोक पाटले, सहस सूर्यवंशी, दुर्गा अहिरवार, नीतिन पटेल, स्वर्णिम तिवारी, अनिल सिंह सहित भाजपा बिलासपुर शहर जिला के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।