साइबर ठगी की रकम से सोना खरीदकर ज्वेलर्स को लगाया चूना, 3 आरोपी गिरफ्तार..

रायपुर। रायपुर पुलिस ने साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदकर ज्वेलर्स से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टिकरापारा स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स और अजय ज्वेलर्स में JAGDAMBA TC यूपीआई आईडी के माध्यम से भुगतान कर लाखों रुपये के सोने के सिक्के खरीदे थे। बाद में बैंक जांच में पता चला कि भुगतान की गई राशि साइबर ठगी से जुड़ी थी, जिसे फ्रीज कर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मनजीत मंडल, शाहिल नेताम और आयुष साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के, जिनकी कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये है, जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।