सरकण्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार..

बिलासपुर। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरकण्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर, हेरोइन और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 72 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास (40 वर्ष) निवासी मरीमाई कब्रिस्तान के सामने, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मई को सरकण्डा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बंधवापारा स्थित पीपल चौक के आगे तालाब के पास अवैध रूप से नशीली दवाएं और मादक पदार्थ बेचने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेह के आधार पर एक स्कूटी सवार युवक को रोका।

पूछताछ में उसने अपना नाम पप्पू श्रीवास बताया। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 20 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप, 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर और 7.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा नशीले पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BF 4767 भी जब्त की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।

बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने भी सरकण्डा पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्ती जरूरी है, ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।