

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पार्टी ध्वजारोहण के साथ की गई। इसके बाद सरकार की विभिन्न योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े प्रदर्शनों का उद्घाटन किया गया।


कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, महासमुंद सांसद एवं जिला संगठन प्रभारी रूपकुमारी चौधरी, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने संगठन में प्रशिक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षण देकर मजबूत बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जैसे डॉक्टर और वकीलों के लिए प्रशिक्षण जरूरी होता है, उसी तरह राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए भी समय-समय पर प्रशिक्षण आवश्यक है। इससे कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक समझ और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और इसकी सफलता का आधार मजबूत संगठन, विचारधारा और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन की मजबूत संरचना ही भाजपा की ताकत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश आज तेजी से विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
द्वितीय सत्र में ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने व्यक्तित्व विकास और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज की हर गतिविधि के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से करना चाहिए।
तृतीय सत्र में संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कृषि प्रधान पहचान के लिए जाना जाता है। उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
चतुर्थ सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मीडिया प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने चुनाव प्रचार, जनसंपर्क और मीडिया से समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए। उनके संबोधन को कार्यकर्ताओं ने काफी सराहा।
पंचम सत्र में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और भाजपा के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क को और मजबूत करने का आह्वान किया।

दिन के अंतिम सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय ने सोशल मीडिया, आईटी एवं एआई, लाभार्थी संपर्क, मीडिया प्रबंधन, कार्यालय संचालन और कोष प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में डिजिटल माध्यम संगठन को मजबूत करने का बड़ा साधन बन चुके हैं और कार्यकर्ताओं को तकनीक के उपयोग में दक्ष होना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए प्रशिक्षण अभियान की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया।


इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, रूपनारायण सिन्हा, राजीव सिंह, विनोद सोनी, सोमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



