
कवर्धा। शहर के बीचों-बीच सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्नेहा क्लीनिक के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए के शहर में पहुंचने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। बताया गया कि तेंदुआ एक निजी अस्पताल परिसर में भी घुस गया था। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की। स्थिति को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर लोगों को मौके से हटाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तेंदुए के करीब नहीं जाने की अपील की।
DFO की मौजूदगी में चला रेस्क्यू अभियान..
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात रही। DFO निखिल अग्रवाल की मौजूदगी में टीम ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित पकड़ने का अभियान चलाया। शहर के आबादी वाले इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए टीम ने पूरी सावधानी बरती, ताकि वन्यजीव और आम लोगों दोनों को किसी तरह का नुकसान न हो।
देखें वीडियो..
तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच रहे थे। भीड़ बढ़ने से रेस्क्यू अभियान में परेशानी और खतरे की आशंका को देखते हुए वन विभाग तथा स्थानीय प्रशासन ने लोगों को वहां से हटाया। लोगों को घरों में रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई।
सुरक्षित रेस्क्यू, अब स्वास्थ्य जांच के बाद अभयारण्य में छोड़ा जाएगा..
वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया है। DFO निखिल अग्रवाल ने बताया कि तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। अब उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद शाम को उसे भोरमदेव अभयारण्य में सुरक्षित छोड़े जाने की तैयारी है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ जंगल क्षेत्र से भटककर आबादी की ओर पहुंचा होगा। फिलहाल उसके शहर में पहुंचने के कारणों और मूवमेंट को लेकर वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है।
शहर के आबादी वाले हिस्से में तेंदुए के पहुंचने की घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही और मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को सामने ला दिया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।







