
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले- जनधन से आयुष्मान तक योजनाओं ने बदली गरीबों की जिंदगी, छत्तीसगढ़ को भी मिला व्यापक लाभ..

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को बिलासपुर में प्रेसवार्ता आयोजित की। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे करने जा रही है। यह सफर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्होंने हर जिम्मेदारी को जनसेवा का अवसर माना। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का फोकस समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर रहा है।
जनधन से सीधे खाते में पहुंची सरकारी मदद..
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आधार और मोबाइल के माध्यम से सरकारी सहायता को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई है। करोड़ों लोगों के बैंक खाते खुलने से गरीब परिवार बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े और सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे उनके खातों में पहुंचने लगा। इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश के करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी में बदलाव लाने का काम किया है।
छत्तीसगढ़ में 39 लाख से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला का लाभ..
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की करीब 39 लाख 54 हजार महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के करीब 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से पानी पहुंच रहा है। इससे महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने में लगने वाले समय और मेहनत से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक सुरक्षा दी है। पात्र परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक के उपचार का कवच मिलता है। अब 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों को 11 हजार करोड़ से अधिक..
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बनी है। पार्टी की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के 25 लाख 51 हजार किसानों को अब तक 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे खातों में दी गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि किसानों को बीज, खाद, कृषि कार्यों और अन्य जरूरतों में मदद करती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादन और धान खरीदी के लिए देश में अलग पहचान रखता है। केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना, आधुनिक तकनीक से जोड़ना और फसल उत्पादन को अधिक सुरक्षित बनाना है।
आवास से लेकर रेल परियोजनाओं तक विकास का दावा..
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मार्च 2025 को छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि पक्का मकान किसी परिवार के लिए केवल छत नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थिरता का आधार है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में करीब 51 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार के काम चल रहे हैं। इनमें नई रेल लाइन, दोहरीकरण, रेलवे फ्लाईओवर और पुल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। केंद्र से मिलने वाली वित्तीय सहायता और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़क, रेल, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने का दावा भी उन्होंने किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस की नीति..
जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में मोदी सरकार की नीति स्पष्ट रही है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सरकार ने कठोर रुख अपनाया है। उन्होंने उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्रवाइयों से दुनिया में यह संदेश गया कि भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को भाजपा सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में देखती है। पार्टी का दावा है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद..

प्रेसवार्ता में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, मीडिया प्रभारी केके शर्मा और मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय मौजूद रहे।







