

गरियाबंद छत्तीसगढ़ में नशे के काले कारोबार और गांजा तस्करों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ओडिशा बॉर्डर पर अंतर्राज्यीय चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 130 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे और तस्करी में इस्तेमाल वाहन की कुल कीमत 70 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 24 मई 2026 को देवभोग थाना पुलिस की टीम ओडिशा सीमा से लगे ग्राम खुटनांव स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर एमसीपी (MCP) चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान ओडिशा की तरफ से एक संदिग्ध पिकअप वाहन (UP 64 CT 5613) आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को रोका और चालक से पूछताछ शुरू की।
घबराहट ने खोला राज..
चालक की घबराहट और गोलमोल जवाब से पुलिस का शक गहरा गया। जब गवाहों की मौजूदगी में पिकअप की बारीकी से तलाशी ली गई, तो गाड़ी में 6 सफेद रंग की प्लास्टिक बोरियां मिलीं। इन बोरियों को खोलने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ पाया गया। मौके पर ही जब तौल कराई गई, तो कुल 130 किलो 160 ग्राम गांजा निकला। बाजार में इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 65 लाख 8 हजार रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा से यूपी तक फैला था नेटवर्क..
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम राहुल पाण्डेय (33 वर्ष) बताया। आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह गांजे की इस बड़ी खेप को ओडिशा से सस्ते दाम पर खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था, जहां इसे ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी थी।
कार्रवाई एक नजर में
गिरफ्तार आरोपी : राहुल पाण्डेय (33 वर्ष), निवासी ग्राम पारो लौवडीह, तहसील मोहमदाबाद युसुफपुर, थाना भंवरकोल, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश)।
जब्त सामग्री : 130.160 किलोग्राम अवैध गांजा (6 बोरियों में) और एक पिकअप वाहन।
कुल जब्ती : ₹70,58,000 (लगभग)।
पुलिस ने मौके पर ही कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मादक पदार्थ को सीलबंद कर दिया। आरोपी राहुल पाण्डेय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जिसके बाद आगे की विवेचना जारी है। गरियाबंद पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।



