महिला की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर किया वायरल.. आरोपी को तोरवा पुलिस ने सक्ती से किया गिरफ्तार..

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र महिला की तस्वीर एडिट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हरकत को अंजाम देने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सक्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला का परिचित बताया जा रहा है जिसने उसकी सामाजिक छवि खराब करने के इरादे से यह काम किया था। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। 4 जून को पीड़िता परेशान हालत में थाने पहुंची। उसने पुलिस को अपनी परेशानी बताते हुए। लिखित शिकायत की महिला ने बताया कि चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु नाम का युवक उसे काफी पहले से जानता है। उसी युवक ने जानबूझकर उसकी सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया। इसके बाद उसने महिला को बदनाम करने के लिए उन तस्वीरों को इंटरनेट पर अलग अलग जगह पोस्ट कर दिया।

मामला सीधे तौर पर महिला के सम्मान और साइबर अपराध से जुड़ा था। इसे देखते हुए तोरवा पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थाना प्रभारी ने बिना देरी किए मामले में बीएनएस की धारा 77 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया।आरोपी की तलाश के लिए तुरंत पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस टीम ने सबसे पहले आरोपी की तकनीकी जानकारी जुटाई। मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी सक्ती जिले के मालखरौदा थाना इलाके के अड़भार गांव में छिपा बैठा है। बिना समय गंवाए पुलिस टीम वहां पहुंची। 30 साल का आरोपी चुकेन्द्र साहू वहां से भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को बिलासपुर लेकर आई। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।