

सरगुजा/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में रफ्तार का खौफनाक कहर देखने को मिला है। यहां हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही दुर्घटनाओं में बाइक सवार युवकों को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पहला भीषण हादसा बलरामपुर जिले में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिसमें 4 युवकों की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना में जजगा के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को कुचल दिया।

बलरामपुर हादसा: साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे युवक
बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरपान में बीती देर रात यह दिल दहला देने वाली घटना घटी। जानकारी के अनुसार, चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर साप्ताहिक बाजार डिंडा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपरपान गांव के पास एक मोड़ पर उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे एक चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवकों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
हैवानियत : घायलों को 100 मीटर तक घसीटा, तड़पता छोड़ भागा ड्राइवर..
इस दर्दनाक हादसे का सबसे खौफनाक पहलू यह रहा कि ट्रैक्टर ड्राइवर ने दुर्घटना के बाद इंसानियत नहीं दिखाई। उसने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगाना चाहा और घायलों को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। ड्राइवर युवकों को बीच सड़क पर तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने युवकों की मदद करने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र थे मृतक..
बताया जा रहा है कि इस हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक एक ही परिवार के सदस्य (चचेरे भाई) थे। ये सभी मजदूरी कर अपना परिवार पालते थे और विशेष पिछड़ी जनजाति से ताल्लुक रखते थे, जिन्हें ‘राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’ का दर्जा प्राप्त है।
पुलिस कर रही मामले की जांच..
हादसे की सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।



