‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ से छत्तीसगढ़ के किसानों को नई ताकत, गांव-गांव पहुंचेगी आधुनिक खेती की जानकारी..

रायपुर/बिलासपुर।छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर खेती को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में शुरू किया गया ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ अब जिलों में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। यह अभियान 5 मई से 20 मई तक चलेगा, जिसमें किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी और नई कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में चलने वाले इस अभियान के तहत प्रशासन ने अलग-अलग विकासखंडों में विशेषज्ञ टीमों का गठन किया है। ये टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, आधुनिक कृषि उपकरणों और वैज्ञानिक पद्धतियों के बारे में समझाएंगी। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी सीधे किसानों तक पहुंचाई जाएगी।

इस अभियान में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन विभाग के अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। उनका उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि उत्पादन बढ़े और आय में भी वृद्धि हो।

प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, जिससे उन्हें आधुनिक खेती की जानकारी मिलेगी और वे बेहतर उत्पादन के साथ अपनी आय बढ़ा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से न केवल किसान सशक्त होंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को भी हासिल करेगा। गांव स्तर तक इस तरह के अभियान चलाना सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।