

बिलासपुर।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत बिलासपुर में शुक्रवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर आम नागरिकों से सीधे संवाद किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

अभियान की शुरुआत वार्ड 16 स्थित तुलजा भवानी परिसर से हुई। इसके बाद विधायक ने वार्ड 21 मानिकपुरी भवन (मिनी बस्ती), वार्ड 67 संत नामदेव भवन, वार्ड 66 नूतन चौक सामुदायिक भवन, वार्ड 69 आरटीएस कॉलोनी दुर्गा पंडाल, वार्ड 44 शंकर नगर के रामायण भवन, वार्ड 38 टिकरापारा स्थित महाराष्ट्र मंडल, वार्ड 36 दयालबंद, वार्ड 23/26 पटेल समाज भवन और वार्ड 25 में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
हर वार्ड में हुआ भव्य स्वागत..


दौरे के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक का फूल-मालाओं और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। खासकर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ आज गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए भरोसे का प्रतीक बन चुकी है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
जनसमस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा..


जनसंवाद के दौरान वार्डवासियों ने पानी, सड़क, सफाई और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के सामने रखा। अमर अग्रवाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।


उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि शहर के हर वार्ड का समग्र विकास करना है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इस अभियान से शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।



