

पेण्ड्रा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा बुधवार को पेण्ड्रा में विराट त्रिशूल दीक्षा एवं त्रिशूल शौर्य यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए सभी हिन्दुओं को एकजुट रहना जरूरी है। उन्होंने जातीय विभाजन से ऊपर उठकर धर्म के नाम पर संगठित रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक हिंदू धर्म सुरक्षित है, तभी तक देश सुरक्षित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें हिंदू समाज में जातिवाद फैलाकर उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में सभी लोगों को सतर्क रहकर धर्म और देश की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए। उन्होंने बजरंग दल द्वारा देशभर में किए जा रहे सेवा कार्यों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कहा कि पेण्ड्रा जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि यहां पहली बार बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक का आगमन हुआ। उन्होंने बताया कि त्रिशूल दीक्षा का उद्देश्य धर्म रक्षा, समाज सेवा और बहन-बेटियों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी हिंदू समाज की एकजुटता, सेवा कार्यों और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
नगर में निकली भव्य त्रिशूल शौर्य यात्रा..
त्रिशूल दीक्षा के बाद पेण्ड्रा नगर में विशाल त्रिशूल शौर्य यात्रा निकाली गई। यह यात्रा असेम्बली हाल से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। यात्रा में शामिल कार्यकर्ता एक जैसे वेशभूषा में अनुशासित ढंग से चलते नजर आए। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
बारिश के कारण बदला स्थल, फिर भी उमड़ी भारी भीड़..

दोपहर करीब 3 बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान आया। इसके बाद आयोजन स्थल को बदलकर असेम्बली हाल के अंदर कार्यक्रम कराया गया।

हालांकि, भीड़ इतनी अधिक थी कि हॉल की क्षमता से दोगुने लोग पहुंच गए। इसके कारण आधे से ज्यादा लोगों को बाहर खड़े होकर ही कार्यक्रम सुनना पड़ा।




