
फीस, सैनिटरी पैड वितरण और प्राचार्य के व्यवहार को लेकर छात्राओं ने रखी अपनी बात; जांच की मांग..

बिलासपुर। मल्हार स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने गुरुवार को स्कूल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। छात्राएं करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय कर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने स्कूल में फीस वसूली, सैनिटरी पैड वितरण और प्राचार्य के व्यवहार से संबंधित अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं और मामले की जांच की मांग की।
देखें बाइट –
छात्राओं का कहना है कि स्कूल में उनसे फीस के नाम पर राशि ली गई। उन्होंने सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए भी पैसे लिए जाने की बात कही। छात्राओं के अनुसार, राशि लेने के बाद उन्हें जो सैनिटरी पैड दिए गए, उनमें से कुछ की एक्सपायरी को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई। छात्राओं ने संबंधित व्यवस्था और राशि लेने की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
प्राचार्य के व्यवहार पर भी उठाए सवाल.. देखें बाइट
छात्राओं ने स्कूल के प्राचार्य के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की। उनका आरोप है कि उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। छात्राओं ने यह भी कहा कि शिकायत को आगे बढ़ाने की स्थिति में उन्हें एफआईआर कराने की बात कही गई। उन्होंने अधिकारियों से इस पूरे मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पहले भी शिकायत करने की बात..

छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर स्कूल स्तर पर पहले भी शिकायत की थी। उनका कहना है कि शिकायतों के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रखनी पड़ी।


कलेक्ट्रेट पहुंची छात्राओं ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूल की व्यवस्थाओं की जांच कराने और शिकायतों का निराकरण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति..
मामले में अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फीस किस मद में और किस प्रक्रिया के तहत ली गई, सैनिटरी पैड की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत कितनी सही है और प्राचार्य के व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है।
बाइट – भवानी शंकर साव डिप्टी कलेक्टर बिलासपुर
छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी।







