बिजली की अवैध हुकिंग से जंगली सुअर का शिकार, गश्त दल ने आरोपी को पकड़ा..

भुईकुर्री जंगल में मृत नर जंगली सुअर के साथ पकड़ा गया ग्रामीण; एक आरोपी जेल भेजा, दूसरा फरार..

रायगढ़। जंगल में वन्यप्राणियों के शिकार के लिए बिजली लाइन से अवैध हुकिंग किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की गश्ती टीम ने ग्राम भुईकुर्री के जंगल क्षेत्र में एक ग्रामीण को मृत जंगली सुअर के साथ पकड़ा। जांच में सामने आया कि जंगली सुअर का शिकार विद्युत लाइन से अवैध रूप से हुकिंग कर किया गया था। मामले में वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को परिसर रक्षक देलारी, लाखा और जिवरी जंगल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम भुईकुर्री के पास एक व्यक्ति मृत जंगली सुअर के साथ मिला। गश्ती दल ने उसे मौके पर पकड़ लिया और मृत वन्यप्राणी की जांच की।

वन विभाग की जांच में प्रथमदृष्टया सामने आया कि जयप्रकाश राठिया निवासी भुईकुर्री ने तुलाराम राठिया के साथ मिलकर विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर नर जंगली सुअर का शिकार किया था। इसके बाद वन विभाग ने मृत जंगली सुअर को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार..

मामले में जयप्रकाश राठिया पिता कृपाराम राठिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी भुईकुर्री, थाना पूंजीपथरा, तहसील एवं जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने उसे न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद जेल दाखिल करा दिया है।

वहीं मामले में शामिल बताए जा रहे दूसरे आरोपी तुलाराम राठिया निवासी भुईकुर्री की तलाश की जा रही है। वन विभाग की टीम उसके संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है।

वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज..

वन विभाग ने मृत नर जंगली सुअर को अनुसूची-2 में संरक्षित वन्यप्राणी बताते हुए मामले में भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2(1), 2(16), 9, 39 और 50 के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रकरण क्रमांक 7541/21 दिनांक 8 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है।

वन विभाग की कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपी की तलाश के साथ ही शिकार में इस्तेमाल की गई विद्युत हुकिंग और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

बिजली करंट से वन्यजीवों के शिकार पर निगरानी..

वन क्षेत्रों में विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं वन्यप्राणियों के साथ-साथ इंसानों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में वन विभाग द्वारा जंगल में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। भुईकुर्री में हुई कार्रवाई को भी इसी निगरानी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।