स्कूलों से निकला वन्यजीव संरक्षण का संदेश, बाइक रैली से शहर तक पहुंचा अभियान..

रायगढ़ में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह का समापन; निबंध, चित्रकला और भाषण के जरिए बच्चों ने समझा जंगल और पर्यावरण का महत्व..

रायगढ़। वन्यप्राणियों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश अब केवल जंगलों तक सीमित नहीं, बल्कि स्कूलों और शहर की सड़कों तक पहुंचाया जा रहा है। रायगढ़ वन lमंडल में 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं सप्ताह के अंतिम दिन गुरुवार को शहर में बाइक रैली निकालकर लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत वन विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

बच्चों ने प्रतियोगिताओं के जरिए दिया संरक्षण का संदेश..

स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने वन्यजीवों और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। किसी ने निबंध के माध्यम से वन्यप्राणियों के संरक्षण की जरूरत बताई तो किसी ने चित्रों के जरिए जंगल और वन्यजीवों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। भाषण एवं लेखन प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

देखें वीडियो..

प्रतियोगिताओं में शामिल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। वन विभाग का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाना रहा, ताकि संरक्षण का संदेश उनके माध्यम से परिवार और समाज तक भी पहुंचे।

बाइक रैली से शहर में दिया जागरूकता का संदेश..

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतिम दिन रायगढ़ शहर में बाइक रैली आयोजित की गई। रैली को नटवर स्कूल से जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सर्प रक्षक और एनएसएस से जुड़े स्वयंसेवक शामिल हुए।

बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और लोगों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। रैली के माध्यम से वन्यप्राणियों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक आवास को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

स्कूल से सड़क तक पहुंचा संरक्षण का अभियान..

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों ने बच्चों की रचनात्मकता को संरक्षण के संदेश से जोड़ा। वहीं अंतिम दिन निकली बाइक रैली के जरिए यही संदेश शहर के आम नागरिकों तक पहुंचाया गया।

वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य वन्यप्राणियों के प्रति लोगों में संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ यह समझ विकसित करना रहा कि जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण स्कूलों से शुरू हुआ जागरूकता अभियान सप्ताह के अंतिम दिन बाइक रैली के जरिए शहर तक पहुंचा और वन्यजीव संरक्षण को लेकर जनभागीदारी का संदेश दिया।