

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में शामिल हुए नए सब इंस्पेक्टरों को अब थाने में बैठकर सिर्फ रौब झाड़ने का मौका नहीं मिलेगा। उन्हें खुद मैदान में उतरकर पसीना बहाना होगा और कंप्यूटर पर अपना काम खुद करना होगा। बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने 10 जून 2026 को रेंज के सभी नए प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टरों की अहम बैठक ली। इस दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि पुलिस की पुरानी कार्यशैली अब नहीं चलेगी। नए अफसरों को हाईटेक होने के साथ साथ जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा।


चेतना भवन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में आईजी ने सबसे ज्यादा जोर पुलिस की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने पर दिया।उन्होंने एक ऐसा एंगल सामने रखा जो अक्सर पुलिस महकमे में नजरअंदाज हो जाता है। आईजी ने साफ कहा कि अब थानों में मुंशी या कंप्यूटर ऑपरेटर के भरोसे काम नहीं चलेगा। हर नए सब इंस्पेक्टर को सीसीटीएनएस में अपनी एंट्री खुद करनी होगी। उन्हें पुलिस विभाग के नए मोबाइल ऐप जैसे सशक्त ई साक्ष्य आई ओ मितान और समाधान का पूरा उपयोग करना आना चाहिए। इसके लिए कंप्यूटर सोशल मीडिया और साइबर अपराधों की अच्छी पकड़ होना बेहद जरूरी है।
हवा हवाई बातों की जगह आईजी ने जमीनी हकीकत पर फोकस किया। उन्होंने निर्देश दिए कि हर नए सब इंस्पेक्टर को फील्ड का अनुभव लेने के लिए कम से कम 5 समन और 5 वारंट खुद तामील करने होंगे। सिर्फ किताबी ज्ञान से काम नहीं चलेगा। थाने में रखे पुराने एफआईआर और चार्जशीट का अध्ययन करना होगा। केस कैसे सुलझाए जाते हैं और कानूनी सबूत कैसे जुटाए जाते हैं यह सब थाने के अनुभवी स्टाफ से सीखना होगा।
वर्दी के अनुशासन पर बात करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि वर्दी पहनने के बाद आपका आचरण निजी नहीं रह जाता। आप पूरे विभाग का चेहरा होते हैं। इसलिए ऐसा कोई काम न करें जिससे पुलिस की छवि खराब हो। अगर जनता से यातायात नियमों का पालन कराना है तो पहले खुद हेलमेट पहनकर उदाहरण पेश करना होगा। थाने में आने वाले पीड़ितों की बात शांति से सुननी होगी और उन्हें भरोसा दिलाना होगा कि पुलिस उनके साथ है।


आईजी ने सभी अफसरों को अपनी डेली डायरी हर रोज अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बड़े अफसर कभी भी अचानक इसकी चेकिंग कर सकते हैं। बैठक के अंत में आईजी ने नए पुलिस अफसरों का हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आने वाले 20 से 25 सालों तक छत्तीसगढ़ पुलिस कैसी दिखेगी और कैसा काम करेगी यह सब इसी नए बैच पर निर्भर करता है। इसलिए पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी करें।
बैठक में बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह एएसपी पंकज पटेल एएसपी मधुलिका सिंह एएसपी यातायात राम गोपाल करियारे डीएसपी मंजूलता केरकेट्टा और डीएसपी विवेक शर्मा मौजूद रहे। वहीं रेंज के बाकी सभी पुलिस कप्तान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक से जुड़े।



