चाकू लहराने के मामले में जेल गए थे दो युवक, रिहाई के बाद जश्न का वीडियो सामने आने पर मचा हड़कंप..

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के बजरंग पारा में चाकू लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जेल भेजे गए दो युवकों का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जेल से रिहाई के बाद सेंट्रल जेल बिलासपुर के गेट के बाहर युवकों के स्वागत और जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग युवकों का फूल-मालाओं से स्वागत करते नजर आए थे। इसके बाद पुलिस कार्रवाई के बाद जेल जाने और बाहर आने पर जश्न मनाने को लेकर सवाल उठने लगे।
देखें वॉयरल वीडियो..
बताया गया कि बजरंग पारा क्षेत्र में चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सकरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेजा गया था। हालांकि, रिहाई के बाद जेल गेट के बाहर उनके समर्थकों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला दोबारा सुर्खियों में आ गया।
जश्न का वीडियो वायरल होने के बाद बदला घटनाक्रम..
जेल गेट के बाहर स्वागत और जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद अब युवकों का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वायरल घटनाक्रम में शामिल युवक अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते नजर आ रहे हैं। युवकों ने पुलिस और आम लोगों से माफी मांगते हुए भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं करने की बात कही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद माफी का वीडियो..
युवकों ने अपने बयान में चाकू लहराने और उसके बाद सामने आए घटनाक्रम को लेकर खेद जताया है। उनका कहना है कि भविष्य में वे ऐसी हरकत नहीं करेंगे और कानून का पालन करेंगे। माफी मांगते हुए वीडियो सामने आने के बाद अब इस पूरे मामले का एक नया पहलू सामने आया है।
चाकू लहराने के वीडियो से शुरू हुआ यह मामला कार्रवाई के बाद जेल पहुंचने और फिर रिहाई के दौरान हुए स्वागत के वीडियो तक पहुंचा। अब माफी के वीडियो के सामने आने से मामला एक बार फिर चर्चा में है।






