शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो ठेका श्रमिक पर धारदार हथियार से हमला..

नहर रोड पर चार युवकों ने रास्ता रोककर की मारपीट, सीपत पुलिस ने एक आरोपी और दो अपचारी बालकों को पकड़ा..

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी में काम से लौट रहे एक ठेका श्रमिक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 11 सितंबर की बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक 18 वर्षीय युवक और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी सीपत में सिविल कंपनी में काम करने वाले श्रमिक ग्राम जांजी की लेबर कॉलोनी में रहते हैं। 11 सितंबर को श्रमिक असहद अली काम खत्म करने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड पर चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अखिलेश यादव ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

पूछताछ में सामने आई चार आरोपियों की भूमिका..

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में समीर ने अपने साथ तीन अपचारी बालकों के साथ मिलकर श्रमिक से मारपीट करना स्वीकार किया।

पुलिस ने एक अपचारी बालक के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया। मामले में समीर सारथी, पिता सुंदर लाल सारथी, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी ग्राम जांजी तथा दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अब मामले में शामिल चौथे आरोपी की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।