11 साल से स्वच्छता की अलख जगा रहे हर्ष, अब अभियान बना जनभागीदारी की पहचान..

दुर्गा सरोवर से फिर शुरू हुआ महाअभियान, पेण्ड्रा के 6 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प..

पेण्ड्रा। स्वच्छता को केवल एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित जिम्मेदारी बनाने की मिसाल पेण्ड्रा में देखने को मिल रही है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया पिछले 11 वर्षों से लगातार शहर के सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। उनकी इस पहल ने अब एक जनअभियान का रूप ले लिया है और नगरवासी उन्हें स्नेह से ‘स्वच्छता दूत’ के नाम से भी संबोधित करते हैं।

इसी कड़ी में रविवार 13 सितंबर से पेण्ड्रा में एक बार फिर स्वच्छता का महाअभियान शुरू किया गया। अभियान की शुरुआत दुर्गा सरोवर से हुई। इस दौरान स्वच्छता वॉलंटियर्स, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ समाज के लोगों ने श्रमदान किया। सरोवर परिसर से खरपतवार, गाजर घास और कटीली झाड़ियों की सफाई की गई।

सिर्फ कचरा हटाना नहीं, सोच बदलना उद्देश्य..

हर्ष छाबरिया का कहना है कि स्वच्छता केवल सफाई करने का काम नहीं, बल्कि अपने शहर और आने वाली पीढ़ी के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। उनका प्रयास है कि लोग सार्वजनिक स्थानों को भी अपने घर की तरह साफ रखने की जिम्मेदारी समझें। अभियान के जरिए लोगों में यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निकाय की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है।

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखें। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के साथ आसपास के स्थानों और सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने का संकल्प ले, तभी पेण्ड्रा को वास्तव में स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

युवाओं से पूछा- आने वाली पीढ़ी को क्या देंगे?

स्वच्छता अभियान में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हर्ष छाबरिया ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आज यह सोचने की जरूरत है कि आने वाली पीढ़ी के लिए हम क्या छोड़कर जा रहे हैं – गंदगी और कूड़े के ढेर या स्वच्छ और सुंदर शहर। उन्होंने कहा कि युवाओं में बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मान लें तो समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

पेण्ड्रा के 6 प्रमुख स्थानों पर 11 साल से लगातार सफाई..

हर्ष छाबरिया की पहल के तहत पिछले 11 वर्षों से पेण्ड्रा के छह प्रमुख स्थानों पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इनमें दुर्गा सरोवर, मल्टीपरपज हायर सेकंडरी स्कूल का खेल मैदान, विद्या नगर कॉलोनी, नया बस स्टैंड मुक्तिधाम, इंदिरा उद्यान के समीप मुक्तिधाम और ग्राम देवता हरदेव बाबा चौरा परिसर शामिल हैं।

इन स्थानों के अलावा पिछले वर्ष जनपद पंचायत पेण्ड्रा परिसर और ब्रह्मचारी तालाब, पुराने गौरेला में भी सफाई अभियान चलाया गया था।

नर्मदांचल की पहचान से जुड़ा है पेण्ड्रा..

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि पेण्ड्रा केवल एक नगर नहीं, बल्कि नर्मदांचल की महत्वपूर्ण भूमि है। यहां दूसरे क्षेत्रों से श्रद्धालु, पर्यटक और अन्य लोग पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता केवल स्थानीय सुविधा का विषय नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की छवि और सम्मान से भी जुड़ी है।

कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान..

रविवार को अभियान में हर्ष छाबरिया के साथ सागर पटेल, प्रकाश साहू, प्रिया त्रिवेदी, निखिल परिहार, विनय पांडे, नवीन विश्वकर्मा, देवांश तिवारी, कंचन मिश्रा, शनि पटेल, रूपेश साहू, आदित्य सोनी, वीरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र पंजाबी, रोहित अग्रवाल सहित स्वच्छता वॉलंटियर्स, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।

देखें वीडियो..

11 वर्षों से जारी यह पहल अब ‘स्वच्छ पेण्ड्रा, सुंदर पेण्ड्रा और जागरूक पेण्ड्रा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। लगातार चल रहे अभियान से सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी किया जा रहा है।