

बिलासपुर,मस्तुरी। जनपद पंचायत मस्तुरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत आगमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी में लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बन रही सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के तहत निर्माणाधीन इस सड़क में बड़े पैमाने पर अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। हालत यह है कि नई बनी सड़क हाथ से ही उखड़ने लगी है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बनाए गए वीडियो भी सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं। आरोप है कि सड़क को केवल लीपापोती कर तैयार किया जा रहा है, जबकि मजबूती और टिकाऊपन पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
देखें वीडियो..
इस मामले को लेकर जनपद पंचायत सहकारिता सभापति श्रीमती सरिता नरेन्द्र नायक, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मेनका सुमित जगत, सरपंच श्रीमती हीरादेवी खेमराज पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम शिकायत पत्र सौंपकर ठेकेदार अतुल शुक्ला और तापस अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप..
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिकायत पत्र में सड़क निर्माण कार्य में कई गंभीर खामियों का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान सड़क की पर्याप्त पानी से तराई नहीं की गई, जिससे सड़क की मजबूती कमजोर हो रही है।
इसके अलावा सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप गिट्टी का उपयोग नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लाल मुरूम की जगह किसानों के खेतों से निकाली गई गीली और साधारण मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क जल्द खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
शिकायत में नाली और पुल निर्माण कार्य में भी भारी लापरवाही का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में निर्धारित मात्रा से काफी कम सरिया लगाया गया है, जिससे भविष्य में हादसे की संभावना बनी रहेगी।
शासन की राशि का हो रहा दुरुपयोग.. देखें वीडियो..
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शासन की करोड़ों रुपए की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य कराया जा रहा है और शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया जा रहा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्ता सुधार नहीं कराया गया, तो यह सड़क कुछ ही समय में पूरी तरह उखड़ जाएगी और जनता की मेहनत की कमाई बर्बाद हो जाएगी।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग..

कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान भाजपा लोहरसी मंडल जिला मंत्री एवं सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष हेमलाल जगत, हीरा सिंह जगत, रामसागर जगत, गोरेलाल जगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।



