
अमर अग्रवाल ने पार्षदों से वार्डों की समस्याएं प्रमुखता से उठाने कहा, शहर के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक भूमिका निभाने पर जोर..

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर की 25 सितंबर को होने वाली सामान्य सभा से पहले भाजपा पार्षद दल ने अपनी रणनीति पर मंथन किया। इसे लेकर भाजपा कार्यालय करबला में पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सामान्य सभा में रखे जाने वाले विभिन्न विषयों, शहर के विकास और वार्डों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने भाजपा पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्य सभा में शहर के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को गंभीरता से सदन के सामने रखने को कहा।
वार्डों की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाने पर जोर..
अमर अग्रवाल ने कहा कि पार्षद अपने वार्ड के लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामान्य सभा में रखें। सड़क, नाली, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को सदन में उठाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए।


उन्होंने पार्षदों से शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में पार्षदों ने भी सामान्य सभा में चर्चा के लिए आने वाले विषयों पर अपने सुझाव रखे और विभिन्न मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया।
सामान्य सभा के मुद्दों पर हुई चर्चा..
बैठक में भाजपा पार्षद दल ने 25 सितंबर की सामान्य सभा की कार्यवाही को लेकर आपसी समन्वय पर भी चर्चा की। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विषयों और नागरिकों की समस्याओं को लेकर विचार साझा किए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सामान्य सभा में शहरवासियों से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से सामने रखा जाए और निगम के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक चर्चा की जाए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी सहित भाजपा के पार्षद और एल्डरमेन मौजूद रहे।
उक्त जानकारी भाजपा मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय ने दी।







