बिलासपुर।शिक्षा संभाग बिलासपुर की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और अनुशासित बनाने के लिए संयुक्त संचालक (जेडी) शिक्षा, श्री ए.के. भारद्वाज पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। गुरुवार को उन्होंने तखतपुर विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान मैदानी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों पर उनका सख्त रुख देखने को मिला। बिना पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद रहने वाले स्टाफ को उन्होंने कड़ी फटकार लगाई है। साथ ही ऐसे सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनकी अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त संचालक की इस औचक कार्रवाई से पूरे शिक्षा महकमे में हड़कंप की स्थिति है।

स्कूलों में अव्यवस्था पर संस्था प्रमुखों की लगाई क्लास..
जानकारी के अनुसार, शिक्षा की गुणवत्ता और मैदानी हकीकत परखने के लिए संयुक्त संचालक श्री भारद्वाज ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना, शासकीय हाई स्कूल कुरेली और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, साफ-सफाई और विद्यार्थियों की उपस्थिति की बारीकी से जांच की। अमसेना स्कूल में उन्होंने परिसर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने की हिदायत दी, हालांकि वहां संचालित मध्यान्ह भोजन की स्थिति संतोषप्रद पाई गई।
इसके विपरीत, कुरेली और लाखासार के निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। यहां कई शिक्षक और कर्मचारी बिना बताए अनुपस्थित पाए गए। इसे कार्य के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जेडी ने तत्काल वेतन कटौती और नोटिस की कार्रवाई प्रस्तावित कर दी। इसके अलावा, स्कूलों में प्रशासनिक और शैक्षणिक मॉनिटरिंग कमजोर पाए जाने पर उन्होंने दोनों संस्था प्रमुखों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश दिए।
बीईओ कार्यालय में भी मिली कमियां, जारी हुआ शो-कॉज नोटिस..
स्कूली व्यवस्था का जायजा लेने के बाद संयुक्त संचालक का काफिला तखतपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने दफ्तर के कामकाज की गहरी समीक्षा की। इस दौरान सेवा पुस्तिकाओं के संधारण, लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निपटारे, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों पर हो रही कार्रवाई का रिकॉर्ड चेक किया। कार्यालयीन दस्तावेजों के संधारण और कार्यप्रणाली में कमियां नजर आने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। कामकाज में सुस्ती को देखते हुए उन्होंने तखतपुर बीईओ को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने का आदेश दिया है।
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं..
अधिकारियों और शिक्षकों को कड़े निर्देश देते हुए संयुक्त संचालक श्री भारद्वाज ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्कूलों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों को नियमित कक्षाएं लगाने, समय सीमा के भीतर कोर्स पूरा कराने और विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता पर रखने को कहा है।
इसके अतिरिक्त, जिन स्कूलों में अब तक पाठ्यपुस्तकों और यूनिफॉर्म का वितरण पूरा नहीं हुआ है, वहां इसे जल्द से जल्द बांटने के निर्देश दिए गए। शासकीय हाई स्कूल कुरेली में पेंडिंग साइकिल वितरण को भी तत्काल पूरा करने को कहा गया है। संयुक्त संचालक के इस निरीक्षण से स्पष्ट हो गया है कि विभाग विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है और इस दिशा में लापरवाही करने वालों पर आगे भी गाज गिरनी तय है।







