

बिलासपुर 23 जुलाई । जिले के मस्तूरी विकासखंड क्षेत्र में अरपा नदी की बाढ़ ने एक किसान परिवार पर भारी कहर बरपाया है। ग्राम दर्रीघाट में मंगलवार की रात अरपा नदी के तेज बहाव और बाढ़ के पानी में डूबने से पांच भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई। मृत सभी भैंसें दर्रीघाट पंचायत के निवासी किसान राम खिलावन डहरिया की बताई जा रही हैं। इस अचानक हुई घटना के बाद किसान और उसके पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषक राम खिलावन डहरिया पूरी तरह से भैंस पालन पर ही निर्भर थे और इसी से अपने बच्चों का भरण पोषण करते थे। पांच भैंसों की एक साथ मौत से किसान को लगभग साढ़े पांच लाख रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। परिवार के सामने अब रोजी रोटी का गहरा संकट उत्पन्न हो गया है। यही उनके जीवन यापन का एकमात्र सहारा था।
बताया जाता है कि हर दिन की तरह मंगलवार को भी सभी भैंसें चरने के लिए आसपास के इलाके में गई हुई थीं। जब वे वापस लौट रही थीं तभी अरपा नदी में अचानक आए बाढ़ के पानी में छह भैंसें बुरी तरह फंस गईं। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तत्काल बचाव दल एसडीआरएफ को मामले की सूचना दी। हालांकि एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही सभी भैंसें गहरे पानी में डूबने लगी थीं। इसी बीच गांव वालों ने भारी मशक्कत के बाद एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बाकी पांच भैंसें पानी के तेज बहाव में बह गईं और डूबने से उनकी जान चली गई।

मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू के लिए काफी मशक्कत की मगर पानी का बहाव तेज होने के कारण वे बाकी भैंसों को नहीं बचा सके। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कोटवार ने तत्काल सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दी है। आजीविका का साधन छिन जाने के बाद अब पीड़ित किसान को शासन प्रशासन से उचित मुआवजे की दरकार है।



