‘बस्ती चलो अभियान’ में निकले विधायक अमर अग्रवाल, घर-घर पहुंचकर सुनी लोगों की समस्याएं..

विकास और जनसेवा का संकल्प, विभिन्न वार्डों में जनसंवाद कर पेश किया सरकार का रिपोर्ट कार्ड..

बिलासपुर। शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल इन दिनों ‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शहर के अलग-अलग मंडलों और वार्डों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

अभियान की शुरुआत पश्चिम मंडल के कस्तूरबा नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी और अयोध्या नगर के शिव मंदिर परिसर से हुई। यहां विधायक ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के विजन और विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए वार्ड के विकास को नई दिशा दी जाएगी।

हर वार्ड तक पहुंचने की कोशिश..

उत्तर मंडल के वार्ड 61 और 62 में चटर्जी गली स्थित सिंधी धर्मशाला और शास्त्री नगर के यादव भवन में आयोजित बैठकों में स्थानीय लोगों ने पानी, सड़क और सफाई जैसे मुद्दे उठाए। इस पर विधायक ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि शहर का कोई भी वार्ड बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा।

दक्षिण और रेलवे क्षेत्र में भी संवाद..

दक्षिण मंडल के क्रांति नगर और भारतीय नगर में भी जनसंपर्क किया गया, जहां नागरिकों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

रेलवे क्षेत्र के विनोबा नगर स्थित क्रांति नगर सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने वहां के निवासियों की विशेष समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें मुख्यधारा के विकास से जोड़ने का भरोसा दिलाया।

पूर्वी क्षेत्र में मंदिर पहुंचकर किया संवाद..

दौरे के अंतिम चरण में विधायक शहीद भगत सिंह नगर (वार्ड 39) स्थित जलाराम मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने वार्डवासियों से बातचीत करते हुए कहा कि विकसित बिलासपुर का सपना तभी पूरा होगा, जब हर मोहल्ले की भागीदारी सुनिश्चित होगी।

कल भी जारी रहेगा जनसंपर्क अभियान..

‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत विधायक अमर अग्रवाल का दौरा आगे भी जारी रहेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार वे कल पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और रेलवे मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

विधायक अमर अग्रवाल का यह अभियान शहर में जनसंवाद को मजबूत करने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे आम जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके।