

बिलासपुर।शहर में इन दिनों एक वायरल वीडियो ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिलासपुर-रतनपुर रोड का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वीडियो में एक स्कूटी पर तीन युवक-युवती सवार नजर आ रहे हैं, जो तेज रफ्तार में बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट करते दिख रहे हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चलती स्कूटी पर एक कपल खुलेआम रोमांस करता नजर आ रहा है, जबकि तीसरा युवक वाहन चला रहा है। इस दौरान तीनों ने न तो हेलमेट पहन रखा है और न ही किसी तरह के ट्रैफिक नियमों का पालन किया जा रहा है। व्यस्त सड़क पर इस तरह की हरकतें न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा हैं, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थीं।
देखें वॉयरल वीडियो..
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जरा सी चूक बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन युवाओं की बेपरवाही इस कदर हावी है कि उन्हें किसी खतरे का अंदाजा तक नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जागरूकता अभियानों के बावजूद युवा वर्ग ट्रैफिक नियमों को लेकर इतना लापरवाह क्यों हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शहर में बढ़ती जा रही हैं, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस वायरल वीडियो पर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन आम नागरिकों का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक हरकतों पर लगाम लगाई जा सके।



