बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता : इंटरस्टेट चोर गिरोह का भंडाफोड़, मेरठ का आदतन अपराधी गिरफ्तार..

20 दिन दिल्ली – मेरठ में डेरा डालकर पुलिस ने पकड़ा आरोपी, 35 ग्राम से ज्यादा गलाया हुआ सोना बरामद..

बिलासपुर। शहर के रिहायशी अपार्टमेंट्स में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मेरठ (उत्तर प्रदेश) के आदतन चोर ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस टीम ने करीब 20 दिनों तक दिल्ली, मेरठ और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार कैम्प कर तकनीकी और फील्ड जांच के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।

ऐसे हुआ खुलासा..

मामला 28 सितंबर 2025 का है, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। चोरों ने दिनदहाड़े फ्लैट का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान पार कर दिया था।

घटना के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध भागता हुआ दिखाई दिया, जिसकी तस्वीर साफ मिलने पर पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई।

तकनीक और मेहनत से मिली सफलता..

सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट के आधार पर संदिग्धों की पहचान मेरठ निवासी ताज मोहम्मद और उसके साथी वसीम मोहम्मद के रूप में हुई। जानकारी सामने आई कि दोनों आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद पहचान छुपाकर अलग-अलग जगहों पर रहते थे।

इस बीच वसीम मोहम्मद को दिल्ली पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि ताज मोहम्मद लगातार फरार होकर अपना मोबाइल बंद कर चुका था। पुलिस ने उसके परिजनों और परिचितों के मोबाइल नंबर, बैंकिंग और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच कर लोकेशन ट्रेस की। आखिरकार 24 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मेरठ में दबिश देकर ताज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।

गलाकर छुपाता था चोरी का सोना..

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी वसीम पहले शहर में आकर अपार्टमेंट्स की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर चोरी करते थे। चोरी के बाद जेवरों को पहचान से बचाने के लिए गलाकर अपने पास छुपा लेते थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 35.34 ग्राम गलाया हुआ सोना (करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत) और सोना गलाने की चिमनी बरामद की है।

तीन घटनाओं में था शामिल..

जांच में सामने आया कि आरोपी ने साकेत अपार्टमेंट के दो फ्लैट्स में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जबकि रियल हेवन अपार्टमेंट में तीसरी वारदात के दौरान पड़ोसियों के जागने पर फरार हो गया था।

टीम को मिला सम्मान..

इस सफल कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह, थाना प्रभारी एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरी टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है।

कार्रवाई जारी..

पुलिस अब आरोपी के साथी वसीम मोहम्मद को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है, जिससे गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।

बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि तकनीक, सतर्कता और लगातार मेहनत के दम पर बड़े से बड़े अपराधी तक पहुंचा जा सकता है। वहीं, इस खुलासे के बाद शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के भी सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है।