

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया वर्चुअल उद्घाटन, किसान हित में बड़ा फैसला..

रायपुर,छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेशभर में 515 नए धान खरीदी केंद्रों (सहकारी संस्थाओं) की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इन केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस निर्णय को किसानों के हित में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में धान खरीदी व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इन नए केंद्रों के शुरू होने से अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पहले कई गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती थी। अब यह सुविधा उनके नजदीक ही उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह मस्तूरी विधानसभा के शुकुलकारी गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर किसानों को बधाई देते हुए सरकार के इस फैसले की सराहना की।
बी.पी. सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों की समस्याओं को समझते हुए यह बड़ा कदम उठाया है। नए खरीदी केंद्रों से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी परेशानियां कम होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही किसान हितैषी रही है और यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में किसानों से देश में सबसे अधिक दर पर धान खरीदी की जा रही है।
वर्तमान में राज्य सरकार किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है और उन्हें आर्थिक मजबूती मिल रही है।

बी.पी. सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों को सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी किसानों के हित में ऐसे फैसले लेती रहेगी, जिससे छत्तीसगढ़ का किसान और अधिक समृद्ध होगा।



