उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार..

गरियाबंद/धमतरी।वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के लिए जारी सख्त निर्देशों के तहत उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी परिवहन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोर क्षेत्र सीतानदी परिक्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार, बरोली सहायक वृत्त अंतर्गत कक्ष क्रमांक 336 स्थित कसपुर वनोपज जांच नाका में वन अमले ने एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 HV 3975) को रोका। जांच के दौरान वाहन में लगभग 2 घन मीटर जलाऊ लकड़ी अवैध रूप से परिवहन करते पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।

इस मामले में आरोपी रामदेव (पिता नरसिंग यादव) और ईश्वर (पिता कन्हैयालाल मरकाम), दोनों निवासी ग्राम बहीगांव, तहसील बेलरगांव, जिला धमतरी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं एवं वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

दिनांक 15 अप्रैल 2026 को आरोपियों को माननीय न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी, नगरी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

यह कार्यवाही प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पांडे, मुख्य वन संरक्षक गुरुनाथन एन तथा उपनिदेशक वरुण जैन के निर्देशन में की गई।

कार्यवाही को सफल बनाने में उपवनक्षेत्रपाल लोकेश्वर सिंह चौहान, वनरक्षक अवध कुमार साहू, गेमगार्ड रूपेंद्र कुमार, दैनिक श्रमिक शंकर लाल मरकाम एवं रामनाथ का विशेष योगदान रहा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।