पुरुषोत्तम मास महाअनुष्ठान का भव्य समापन, सोमवती अमावस्या पर होगा 33 जोड़ा ब्राह्मणों का पूजन व भोज..

बिलासपुर। प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान विष्णु को समर्पित पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के अवसर पर एक माह तक चले धार्मिक अनुष्ठानों का रविवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य समापन हुआ। पूरे माह मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का विशेष अभिषेक, 108 पुरुषसूक्त एवं श्रीसूक्त पाठ, 1008 नामों से सहस्त्रार्चन तथा विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

श्रद्धालुओं ने नियमित रूप से इन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन, पूजन और वैदिक मंत्रों की गूंज से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

रविवार को आयोजित हवन एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ महाअनुष्ठान का समापन हुआ। वैदिक आचार्यों के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस अनुष्ठान में भक्तों ने राष्ट्र, समाज एवं विश्व कल्याण की कामना करते हुए पूर्णाहुति अर्पित की। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन के लिए भगवान श्री लक्ष्मी नारायण से प्रार्थना की।

सोमवती अमावस्या का दुर्लभ संयोग..

मंदिर परिवार के अनुसार सोमवार, 15 जून को पड़ने वाली सोमवती अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व है। यह शुभ संयोग कई वर्षों बाद प्राप्त हो रहा है, जिसे सनातन परंपरा में अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन स्नान, दान, जप, तप, व्रत एवं पूजा-पाठ का विशेष फल प्राप्त होता है।

इसी अवसर पर मंदिर परिसर में 33 जोड़ा ब्राह्मणों का सम्मानपूर्वक पूजन एवं ब्राह्मण भोज आयोजित किया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ब्राह्मण सेवा एवं अन्नदान को अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। मंदिर समिति द्वारा इसकी व्यापक तैयारियां की गई हैं।

श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील..

मंदिर परिवार ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री लक्ष्मी नारायण के दर्शन, पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की है। समिति का कहना है कि पुरुषोत्तम मास और सोमवती अमावस्या का यह दुर्लभ संगम आध्यात्मिक उन्नति और पुण्य अर्जन का विशेष अवसर प्रदान करता है।

स्थान : प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, सिम्स हॉस्पिटल चौक, बिलासपुर।