

बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मुल्कराज होटल के पास का है, जहां बीच सड़क एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

देखें वॉयरल वीडियो..
जानकारी के अनुसार, गणेश नगर निवासी शेख इकबाल देर रात खाना लेने मुल्कराज होटल गया था। खाना लेकर जब वह वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उसका लक्की दास और पंकज से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पंकज ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर शेख इकबाल के साथ जमकर मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, सरेआम हुई इस मारपीट की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि तोरवा क्षेत्र में देर रात तक होटल खुले रहते हैं और यहां शराब भी परोसी जाती है, जिससे इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। इस घटना के बाद पुलिस पेट्रोलिंग की सक्रियता पर भी लोगों ने चिंता जताई है।
फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कह रही है।



