सड़क पर गुंडों का तांडव, ऑटो सवार को दौड़ाकर पीटा ; वॉयरल VIDEO से हरकत में आई पुलिस..

गुरुनानक चौक के पास बीच सड़क हुई मारपीट से दहशत, बाइक सवार युवकों की दबंगई कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई आरोपियों की तलाश..

बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और घटना सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र के गुरुनानक चौक पर कुछ बाइक सवार युवकों ने एक ऑटो सवार युवक का पीछा कर बीच सड़क पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सड़क पर लोगों की आवाजाही सामान्य थी। अचानक कुछ युवक बाइक से पहुंचे और ऑटो सवार का पीछा करते हुए उसे रोक लिया। इसके बाद युवक को सड़क पर दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

देखें वॉयरल वीडियो..

घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त चौराहे पर खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की घटनाएं होंगी तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।

सूचना मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का आधार बनाया है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों और घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट की वजह आपसी रंजिश थी या किसी अन्य विवाद के चलते यह हमला किया गया। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए, जिससे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।