बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना इलाके के मेड़पार में सुबह-सुबह हुए हादसे में लोगों की जान चली गई। यहां खेत में काम के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए हैं।मामले में पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से बिना नंबर वाले ट्रैक्टर का इंजन और उसकी ट्रॉली को भी जप्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना 21 जुलाई 2026 की है। सुबह करीब साढ़े सात बजे हिर्री थाने में सूचना मिली कि ग्राम मेड़पार-बाजार में मोती लाल जायसवाल के खेत में एक एक्सीडेंट हो गया है। खेत में काम चल रहा था, तभी एक ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से पलट गया। ट्रैक्टर के पलटने से वहां काम कर रहे दो लोग उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, आस-पास मौजूद कुछ अन्य लोग इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।
जैसे ही इस हादसे की सूचना पुलिस को मिली, थाने के अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए।हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा ने घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और चकरभाठा की नगर पुलिस अधीक्षक नूपुर उपाध्याय ने मामले में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद निरीक्षक दामोदर मिश्रा ने थाने के स्टाफ की एक टीम बनाई और बिना समय गंवाए ग्राम मेड़पार-बाजार स्थित मोती लाल जायसवाल के खेत के पास पहुंच गए।
घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस टीम ने मुआयना किया और दुर्घटना करने वाले आरोपी ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चन्द्रशेखर पटेल बताया। 26 साल का चन्द्रशेखर पिता रामलाल पटेल उसी ग्राम मेड़पार-बाजार का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली जप्त किया है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी चालक चन्द्रशेखर पटेल के खिलाफ लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाने और मृत्युकारित करने के पर्याप्त सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 281, 125ए और 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया। अपराध साबित पाए जाने पर उसे विधिवत रूप से गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।







