बिलासपुर सेंट्रल जेल में खौफनाक वारदात : डबल मर्डर के कैदी ने धधकती भट्ठी में कूदकर दी जान, जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल..

बिलासपुर। प्रदेश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने जेल परिसर में ही मौजूद गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। इस खौफनाक कदम से कैदी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सायरन बजाकर आपात स्थिति घोषित की गई और आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मृतक कैदी की पहचान बृजेश उर्फ राहुल के रूप में हुई है।

भट्ठी में लकड़ियों से बनती है गैस, पलक झपकते ही कूदा..

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जेल के अंदर कैदियों का खाना पकाने के लिए एक गैसीफायर प्लांट लगा हुआ है। इस प्लांट में लकड़ियां डालकर गैस तैयार की जाती है, जिसकी आंच से जेल की रसोई का काम होता है। बुधवार को जब यह भट्ठी पूरी तरह धधक रही थी और प्लांट चालू था, तभी कैदी बृजेश अचानक वहां पहुंच गया। इससे पहले कि वहां मौजूद जेलकर्मी या अन्य लोग कुछ समझ पाते, उसने देखते ही देखते भट्ठी के अंदर छलांग लगा दी। कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि बहुत देर हो चुकी थी।

कलेक्टर-एसएसपी ने किया मुआयना, फॉरेंसिक टीम जुटी..

घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ सेंट्रल जेल पहुंच गए। आला अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जेल प्रबंधन से पूरी घटना की सिलसिलेवार जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है।

सुरक्षा में भारी चूक, प्लांट तक कैसे पहुंचा कैदी?

इस घटना ने बिलासपुर सेंट्रल जेल की हाई सिक्योरिटी के दावों की पोल खोल दी है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक सजायाफ्ता कैदी, जेल के इतने संवेदनशील हिस्से (गैसीफायर प्लांट) तक कैसे पहुंच गया? घटना के वक्त वहां किन प्रहरियों की ड्यूटी थी और सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई? पुलिस अब इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

विवादों से रहा है पुराना नाता..

बिलासपुर सेंट्रल जेल का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी यहां कैदियों के बीच मारपीट, संदिग्ध मौतें, बैरकों से मोबाइल और नशे का सामान मिलने जैसे मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन भट्ठी में कूदकर जान देने की इस ताजा वारदात ने जेल प्रबंधन और उनके सुरक्षा इंतजामों को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल पुलिस कैदी के इस आत्मघाती कदम के पीछे की असल वजह तलाश रही है। जेल प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है।