

भीषण गर्मी और आंधी-तूफान के बीच महीने भर चला अभियान, 6 मंडलों में घर-घर पहुंचकर लोगों से किया संवाद..

बिलासपुर। बिलासपुर शहर में जनसंपर्क और जनसेवा का एक अनूठा उदाहरण पेश करते हुए नगर विधायक अमर अग्रवाल के ‘बस्ती चलो अभियान’ का आज भव्य समापन हुआ। करीब एक महीने तक चले इस अभियान में उन्होंने शहर के सभी 6 मंडलों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
अभियान के दौरान अमर अग्रवाल ने उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और रेलवे मंडल के विभिन्न वार्डों और बस्तियों का दौरा किया। अंतिम दिन तिलक नगर से शुरुआत कर जबड़ा पारा होते हुए विद्या नगर में अभियान का समापन किया गया। इस दौरान उन्होंने पैदल चलकर हजारों लोगों से मुलाकात की।
भीषण गर्मी, उमस और आंधी-तूफान जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभियान लगातार जारी रहा। जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर था और सड़कों पर सन्नाटा था, तब भी विधायक अग्रवाल बस्तियों में पहुंचकर लोगों से मिलते रहे। इससे आम लोगों में उनके प्रति खास जुड़ाव देखने को मिला।


अभियान के दौरान शहरवासियों ने भी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। कई जगह महिलाओं ने आरती उतारी, बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया और युवाओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। लोगों ने कहा कि इतनी गर्मी में भी घर-घर पहुंचकर समस्याएं सुनना एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।
समापन अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान उनके लिए केवल जनसंपर्क नहीं, बल्कि सेवा का एक संकल्प था। उन्होंने कहा कि जनता से मिला प्यार और समर्थन उन्हें आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है।


अभियान के दौरान मिली शिकायतों और सुझावों पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा और सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जाएगा।
इस अभियान की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बिलासपुर की जनता अपने जनप्रतिनिधि पर भरोसा रखती है और जनसेवा के ऐसे प्रयासों को पूरा समर्थन देती है।



